मुजफ्फरनगर में वैश्य अग्रवाल महासभा द्वारा अमर शहीद महान स्वतंत्रता सेनानी पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय लाला लाजपतराय चौक पर उनकी कांस्य प्रतिमा के समक्ष किया गया, जहां महासभा के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने लाला लाजपत राय के राष्ट्रप्रेम, त्याग और संघर्षपूर्ण जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा अध्यक्ष सुनील सिंघल ने की, जबकि संचालन महामंत्री नवनीत कुच्छल द्वारा किया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि लाला लाजपत राय जैसे महान क्रांतिकारी का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी से उनके राष्ट्रप्रेम और बलिदान के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने कहा कि लाला लाजपत राय केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं बल्कि महान समाज सुधारक भी थे। साइमन कमीशन के विरोध में लाठीचार्ज के दौरान उनके अदम्य साहस को आज भी पूरा देश श्रद्धा से याद करता है और उनके बलिदान के आगे नतमस्तक है।
मुजफ्फरनगर के अग्रणी उद्योगपति सतीश गोयल और वरिष्ठ व्यापारी नेता संजय मित्तल ने कहा कि लाला लाजपत राय का नाम सुनते ही रग-रग में देशभक्ति का संचार हो जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऐसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज के लिए कार्य करें।
सभा के अध्यक्ष सुनील सिंघल और संरक्षक विजय गुप्ता ने लाला लाजपत राय के जीवन संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान, दयानंद एंग्लो-वैदिक स्कूलों के प्रसार तथा पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। महामंत्री नवनीत कुच्छल ने उनके प्रसिद्ध कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध दिया गया उनका यह संदेश क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणा बना और देश को आजादी की ओर अग्रसर किया।
विचार गोष्ठी में गोपाल मित्तल, राकेश तायल, समाजसेवी अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तायल, प्रदीप गर्ग, मंत्री राकेश तायल, समीर मित्तल, मनीष गर्ग, अजय गुप्ता, प्रदीप गोयल सहित सैकड़ों वैश्य बंधुओं ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किए और महान स्वतंत्रता सेनानी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।















