अवध ओझा, जो एक प्रसिद्ध यूपीएससी शिक्षक और मोटिवेशनल स्पीकर हैं, ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) जॉइन की। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। पार्टी जॉइन करने के बाद ओझा ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की बात की और कहा कि वह अब शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बदलाव लाने के लिए काम करेंगे।
केजरीवाल ने ओझा को पार्टी में शामिल करते हुए उन्हें देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम बताया और कहा कि ओझा जी ने करोड़ों छात्रों को शिक्षा दी, उन्हें रोजगार के लिए तैयार किया और प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि ओझा के पार्टी में शामिल होने से शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी, जैसा कि उन्होंने खुद राजनीति में कदम रखने से पहले एनजीओ के माध्यम से समाज सेवा की थी।
ओझा के मार्गदर्शन से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी
करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्त्रोत और जाने-माने शिक्षक अवध ओझा जी का आम आदमी पार्टी में तहे दिल से स्वागत है. आपकी विद्वता और मार्गदर्शन से पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी. वैसे तो आम आदमी पार्टी में समय-समय पर बड़े-बड़े लोग शामिल होते रहे हैं, लेकिन अवध ओझा जी का पार्टी में आना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद खुशी और गर्व का दिन है. मैंने अपना जीवन शिक्षा के लिए समर्पित किया है और अगर मुझे राजनीति और शिक्षा में से किसी एक को चुनना पड़े, तो मैं हर बार शिक्षा पर काम करने को ही चुनूंगा.
क्या अवध ओझा दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे?
TV9 भारतवर्ष के सवाल क्या चुनाव लड़ेंगे..पर अवध ओझा ने कहा कि अब पार्टी ज्वाइन कर ली है जो भी आदेश होगा करेंगे. इस पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ सस्पेंस रहने दीजिए. समय आने पर सबसे पहले आपको ही बताएंगे.
अवध ओझा को जानिए
कोचिंग की दुनिया में अवध ओझा का नाम काफी प्रचलित है. उनका जन्म 3 जुलाई 1984 को यूपी के गोंडा में हुआ था. बचपन से ही उन्हें IAS बनने का ख्वाब था. ग्रेजुएशन के बाद ओझा UPSC की तैयारी के लिए दिल्ली आ गए. गर उन्हें इस परीक्षा में सफलता नहीं मिली. इसके बाद कोचिंग में क्लास लेना शुरू कर दिया. उनके पढ़ाने का तरीका छात्रों को पसंद आ गया. इसके बाद धीरे धीरे वो लोकप्रिय होते गए. अवध ओझा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहते हैं. ओझा कई बड़े आईएएस संस्थानों में पढ़ा चुके हैं.















