महाराष्ट्र के वसई विरार में बहुजन विकास अघाड़ी (BVA) और बीजेपी के बीच एक गंभीर आरोप-प्रत्यारोप की घटना घटी है। बीते दिन वसई के विवांत होटल में बहुजन विकास अघाड़ी के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी नेता विनोद तावड़े पर पैसे बांटने का आरोप लगाया। हालांकि, तावड़े ने इस आरोप से इंकार किया और कहा कि पैसे उनके नहीं थे।यह घटना नालासोपारा के बीजेपी उम्मीदवार राजन नाइक और तावड़े के साथ घटी, जब दोनों नेताओं को होटल में BVA कार्यकर्ताओं ने घेर लिया। इस विवाद के बाद, बहुजन विकास अघाड़ी ने तावड़े की गाड़ी की जांच करने की मांग की है। आरोप है कि यह सब वोटिंग से ठीक एक दिन पहले हुआ, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है।विपक्ष इस मामले को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए इसे चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के रूप में पेश कर रहा है। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की वोटिंग कल (20 नवंबर) को होनी है, और इस घटना ने राजनीतिक वातावरण में उत्तेजना पैदा कर दी है।
बीजेपी धन बल से चुनाव जीतने की कोशिश में लगी’
इसी बीच शिवसेना यूबीटी की नेता प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सिर्फ धन बल के प्रभाव से चुनाव जीतने की कोशिश में लगी है. जो काम चुनाव आयोग को करना चाहिए था, वो जनता कर रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को मामले में संज्ञान लेना चाहिए. चुनाव आयोग को लेकर हमारा भरोसा टूट गया है. दिन- रात हमारे नेताओं के बैग चेक होते रहे लेकिन कुछ नहीं मिला. वहीं बीजेपी नेता विनोद तावड़े का बैग चेक नहीं किया गया वे कैसे बांट रहे हैं.
चुनाव आयोग को तुरंत एक्शन लेना चाहिए- नाना पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि चुनाव प्रचार बंद होने के बाद विनोद तावड़े वहां क्या कर रहे थे. चुनाव आयोग के नियम का उन्होंने उल्लंघन किया है. बीजेपी ने महाराष्ट्र में सरकार को तोड़ने के लिए विधायकों को खरीदा था ये सबको पता है. अब हारने के डर से वे महाराष्ट्र के लोगों को पैसा बांटकर चुनाव जीतना चाहते हैं. बीजेपी का कान्सेप्ट क्लियर हो गया है. चुनाव आयोग को तुरंत एक्शन लेना चाहिए.















