प्रयागराज। कई बड़ी भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भर्ती प्रक्रिया में अहम बदलाव की तैयारी कर ली है। शासन की ओर से भर्ती परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता को लेकर जारी दिशा-निर्देशों को शत-प्रतिशत लागू करने के लिए आयोग अपने अधिनियम में संशोधन करने जा रहा है।
इसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई और अधिनियम में संशोधन प्रस्तावित कर लिया गया है। संशोधन के बाद आयोग की भर्ती परीक्षाओं के आयोजन के नियम बेहद सख्त और जवाबदेही से भरे होंगे और परीक्षा से लेकर परिणाम जारी करने तक पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित हो जाएगी।
अब आयोग शासनादेश और एसओपी के अनुसार आगामी भर्ती परीक्षाओं का आयोजन करेगा। पेपर सेट करने की प्रक्रिया, उनकी छपाई, कोषागार तक पहुंचाने, कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने, परीक्षा केंद्र की व्यवस्था, परीक्षा के बाद ओएमआर आयोग तक पहुंचाने, इसकी स्कैनिंग, परिणाम तैयार करने, अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग एजेंसियों के उपयोग को लेकर नई एसओपी तैयार की गई है।















