मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला पंचायत सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट सहित सभी संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता, शांतिपूर्ण वातावरण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराई जाएं। किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने बताया कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। जनपद में कुल 72 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, पेयजल, छात्रों के बैठने हेतु पर्याप्त फर्नीचर सहित सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों। स्टेटिक, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में लगी है, उनकी ड्यूटी परीक्षाओं में न लगाई जाए। परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी कार्मिक समय से केंद्रों पर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिसमें महिला पुलिस बल भी शामिल हो। सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर पालन करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि परीक्षाएं निर्धारित तिथियों में दो पालियों में आयोजित होंगी और माध्यमिक शिक्षा परिषद के सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। सभी केंद्रों पर वाइस रिकॉर्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विद्युत, शौचालय, पेयजल, इंटरनेट सहित समस्त आधारभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कर दिया गया है, जिसका संपर्क नंबर 0131-2970838 है। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी, ताकि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर, देशभूषण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
















