अलवर के जयसमंद बांध के बहाव क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग पर यूआईटी ने सख्त कार्रवाई की। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद यहां अवैध प्लाटिंग जारी थी, जिसे लेकर मीडिया ने कई बार मुद्दा उठाया था। अलवर के प्रभारी मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने हरकत में आते हुए जेसीबी की मदद से बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाया और सरकारी जमीन पर बनाई गई सड़कों को भी ध्वस्त किया।
यूआईटी तहसीलदार अनिल शर्मा ने बताया कि जिन लोगों ने यहां जमीन पर कब्जा किया था, उन्हें पहले नोटिस दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि करीब 20 से 25 बीघा जमीन पर यह अभियान चलाया गया है और यह कार्रवाई दो दिन तक जारी रहेगी।
इस क्षेत्र में कुछ मकान भी बनाए जा चुके हैं, जिनमें लोग रह रहे हैं। प्रशासन अब इन मकानों की भी जांच करेगा कि कौन लोग अवैध रूप से रह रहे हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। जयसमंद के बहाव क्षेत्र में मत्स्य विभाग, कब्रिस्तान, शिवायचक और गोचर भूमि पर बिना किसी पैमाइश और अनुमति के प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था, जिसे रोकने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।















