मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने 20/21 मई 2025 की रात एक मुठभेड़ के दौरान हत्या के दो शातिर आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। पकड़े गए आरोपी विक्रांत उर्फ विक्की और निखिल ने 19 मई को ग्राम टांडा माजरा निवासी रविंदर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस संबंध में बुढ़ाना थाने में धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।सूचना मिलने पर पुलिस ने बुढ़ाना–बसी मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। रात करीब 12:16 बजे बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखे, जिन्हें रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए। उनके पास से एक पिस्टल .32 बोर, एक तमंचा 315 बोर तथा कारतूस बरामद हुए। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी है और इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।















