मुजफ्फरनगर जनपद के बुढाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में गठित टीम ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब कस्बा बुढाना के मोहल्ला कस्सावान निवासी रेशमा ने थाना बुढाना में लिखित तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोरों ने उनका बैग ब्लेड से काटकर उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के अनावरण के लिए विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंदवाड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर क्राउन पब्लिक स्कूल के पास संदिग्धों की घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में शकील उर्फ घोड़ा पुत्र राशिद को गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। शकील मूल रूप से मिमलाना रोड का निवासी है और वर्तमान में हरिद्वार जनपद के मंगलौर क्षेत्र में रह रहा था। वहीं, उसके साथी शाहिब पुत्र बसेरू निवासी ग्राम सिखरेड़ा को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से 5 लाख 40 हजार रुपये नकद, अवैध शस्त्र व कारतूस, एक मोटरसाइकिल और एक आधार कार्ड बरामद किया है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनसे अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। फिलहाल थाना बुढाना पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















