आगरा।लोहामंडी पुलिस ने किशोरी के अपहरण, छेड़छाड़ के आरोप में दो युवकों को जेल भेजा है. दोनों युवक बहला-फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले गए थे. तीन दिन किशोरी आरोपियों के साथ रही.धर्मस्थल में रात गुजारी. किशोरी के घर लौटने पर परिजन थाने आए. पुलिस ने मुकदमा लिखकर दोनों आरोपियों को पकड़ा.
एसओ लोहामंडी कुशलपाल सिंह ने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी लोहामंडी क्षेत्र की निवासी है. इरशाद और समीम ने किशोरी को अपने जाल में फंसाया. उसे घूमाने के बहाने अपने साथ ले गए. घरवाले गुस्सा होंगे इस भय से किशोरी घर नहीं लौट रही थी. आरोपित उसे अपने साथ लेकर इधर-उधर घूमते रहे. इस दौरान आरोपियों ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ भी की. किशोरी अपने घर लौटकर आई. परिजनों ने उससे पूछताछ की. उसने परिजनों को घटना बताई. परिजन थाने आए. मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने शहर छोड़कर भागने से पहले आरोपियों को दबोच लिया. आरोपियों के खिलाफ तहरीर के आधार पर अपहरण, छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा लिखा गया. पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया.
साक्ष्य आधारित विवेचना में जुटा रहे सुबूत
कमिश्नरेट में साक्ष्य आधारित विवेचना प्रणाली लागू की गई है. पुलिस को विवेचना में कई साक्ष्य जुटाने हैं. ताकि आरोपियों को कोर्ट में लाभ नहीं मिले. पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है. रिकार्डिंग को डिजिटल साक्ष्य में शामिल करेगी. किशोरी ने तीन रात इधर-उधर गुजारी थीं. उन स्थानों के आस-पास लगे कैमरे की फुटेज निकाली जा रही है. इतना ही नहीं दोनों युवकों के मोबाइल नंबर की गूगल मैपिंग पुलिस निकाल रही है. किशोरी के बयान और आरोपियों की लोकेशन चेक की जाएगी.















