खैरथल में चोरी की दो बड़ी वारदात, पुलिस जांच में जुटी

अलवर – अलवर जिले के खैरथल कस्बे में चोरों के आतंक से लोगों में भय का माहौल है। रविवार रात चोरों ने वार्ड 35, हनुमान पहाड़ी रोड स्थित एंजल एकेडमी स्कूल के पास एक निजी बैंक और एक सूने घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

महाकुंभ गई महिला के घर से 10 लाख के जेवर चोरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रूपा पत्नी जेठानंद इसरानी प्रयागराज में महाकुंभ गई हुई थीं। वापसी के बाद वह अपनी बहन के घर आनंद नगर कॉलोनी में ठहरी थीं। सोमवार सुबह जब वह अपने घर पहुंचीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर से ₹35,000 नकद और सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, नाक की नथ, चांदी की पायजेब व बिछिया शामिल हैं, कुल मिलाकर करीब ₹10 लाख की चोरी कर ली।

बैंक में सेंधमारी, डीवीआर और हार्ड डिस्क ले उड़े चोर

इसी रात चोरों ने एक निजी बैंक को भी निशाना बनाया। बैंक मैनेजर विजय कुमार गुर्जर के अनुसार, चोरों ने मुख्य गेट तोड़कर बैंक में प्रवेश किया और दो टैब को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज मिटाने के लिए डीवीआर और हार्ड डिस्क भी चुरा ली। चोरों ने कैशियर के रेक के दोनों लॉकर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन अंदर का मुख्य लॉकर सुरक्षित रहने से बड़ी वारदात होने से बच गई।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों घटनाओं को लेकर खैरथल थाने में सोमवार देर शाम अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना अधिकारी राकेश कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल की जांच कर रही है और चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।

स्थानीय लोगों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts