ऋषिकेश।पुलिस ने नशीले कैप्सूल और गोलियों की तस्करी के आरोप में एक महिला व एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस टीम शनिवार की सुबह गश्त कर रही थी।
इसी दौरान गैस गोदाम राजीवनगर के पास एक महिला और पुरुष संदिग्ध खड़े दिखे। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दोनों बाइक पर सवार होकर जाने लगे। पुलिस ने रोककर पूछताछ करनी शुरू कर दी। तलाशी लेने पर दोनों के पास काफी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद की गईं। आरोपियों की पहचान सलीम अहमद निवासी तेलीवाला डोईवाला और जीनत खान उर्फ नाजनी निवासी राजीवनगर डोईवाला के रूप में हुई।
पूछताछ में सलीम ने बताया कि वह नशे का आदी है और इसको बेचता भी है। बताया कि आरोपियों के पास से 222 कैप्सूल और 295 नशीली गोलियां बरामद की गई हैं। प्रभारी निरीक्षक गुसाईं ने बताया कि आरोपी प्रतिबंधित दवाओं की गोलियां और कैप्सूल बेचते हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। बाइक को सीज कर दिया गया है।















