मुजफ्फरनगर जनपद में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में जनपद भर में अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक के दिशा-निर्देशन में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने सूचना के आधार पर जुआ खेलते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मिमलाना रोड स्थित न्याजूपुरा क्षेत्र में एक बंद मकान के अंदर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके से इसरार पुत्र इरशाद, निवासी मेहरबान के दफ्तर के पास मिमलाना रोड, उम्र लगभग 35 वर्ष, नूरा उर्फ शान मोहम्मद पुत्र मंजूर अहमद, निवासी छप्पर वाली मस्जिद न्याजूपुरा, उम्र लगभग 22 वर्ष तथा शौकीन पुत्र न्यामुद्दीन, निवासी कब्रिस्तान रोड के पास मेहरबान डीलर की प्लाटिंग, न्याजूपुरा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार यह सभी अभियुक्त थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के एक बंद मकान में जुआ खेलते हुए पकड़े गए। गिरफ्तारी के संबंध में थाना कोतवाली नगर पर संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 477/2025 धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए अभियुक्तों को नियमानुसार समय से न्यायालय मुजफ्फरनगर के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों, जुआ, सट्टा एवं अन्य अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।















