मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फुगाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में फुगाना पुलिस टीम लोई नहर पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक आल्टो कार में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में जाली भारतीय मुद्रा और नोट छापने के उपकरण लेकर आने वाले हैं।प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी और कुछ ही समय बाद एक संदिग्ध आल्टो कार को आते हुए देखा गया।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जब कार की गहन तलाशी ली गई तो उसमें से 15,16,000 रुपये मूल्य की जाली भारतीय करेंसी बरामद हुई। इसके अतिरिक्त जाली नोट छापने के लिए उपयोग में लाए जाने वाले उपकरण भी कार में पाए गए।गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों से मौके पर ही पूछताछ की गई, जिनके पास से न तो बरामद नोटों का कोई वैध स्रोत था और न ही छपाई उपकरणों का कोई वैध दस्तावेज। इस पूरे मामले में थाना फुगाना पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।बरामद जाली नोटों और उपकरणों को जब्त करते हुए पुलिस ने आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के तार और किन–किन स्थानों से जुड़े हो सकते हैं और जाली करेंसी का यह नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है। थाना फुगाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जाली करेंसी के कारोबार पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है।















