मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर पुलिस ने खेत में लगी ट्यूबवेल से स्टार्टर और बिजली का तार चोरी करने की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुरबालियान निवासी सोनू पुत्र लियाकत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके खेत में लगी ट्यूबवेल से स्टार्टर और तार चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना मंसूरपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निजामपुर चौराहे के पास से शाहनबाज उर्फ भूरा, साकिब तथा दिलशाद उर्फ दीनू, तीनों निवासी ग्राम पुरबालियान, को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान तथा अवैध चाकू बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें चिकित्सीय परीक्षण कराकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खतौली और थाना प्रभारी मंसूरपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।























































