ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग को भेंट की व्हाइट हाउस की सोने वाली चाबी, रिश्तों की मजबूती का प्रतीक

अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच मजबूत होते रणनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों का प्रतीक बनते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग को व्हाइट हाउस की सोने से बनी विशेष चाबी भेंट की है। यह चाबी ‘की टू द व्हाइट हाउस’ के नाम से जानी जाती है और इसे अमेरिका की ओर से अत्यंत सम्मान और भरोसे का प्रतीक माना जाता है। ट्रंप से यह खास तोहफा पाने वाले राष्ट्रपति ली जे-म्युंग दुनिया के पांचवें व्यक्ति हैं, जिन्हें यह दुर्लभ सम्मान मिला है।

इससे पहले यह सोने की चाबी इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री तारो आसो, अमेरिकी अरबपति उद्योगपति एलन मस्क और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो को दी जा चुकी है। ऐसे में राष्ट्रपति ली जे-म्युंग का इस सूची में शामिल होना दक्षिण कोरिया के लिए कूटनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय के चीफ ऑफ स्टाफ कांग हून-सिक ने 24 दिसंबर को इस तोहफे की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि यह सोने की चाबी अमेरिका में नियुक्त नई दक्षिण कोरियाई राजदूत कांग क्युंग-ह्वा के जरिए राष्ट्रपति ली जे-म्युंग तक पहुंचाई गई।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह उपहार केवल औपचारिक भेंट नहीं है, बल्कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच आपसी विश्वास, सुरक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी का संकेत है। खासकर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच यह संदेश और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह कदम दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में एक प्रतीकात्मक लेकिन प्रभावशाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts