राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे में भारतीय सेना के सम्मान में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया। यात्रा की शुरुआत राजगढ़ के ऐतिहासिक गणेश पोल से हुई, जहां मंत्री भूपेंद्र यादव ने रिद्धि सिद्धि गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि और सुरक्षा की कामना की। तिरंगा यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय निवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा में देशभक्ति गीतों की गूंज और “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम्” जैसे जोशीले नारों से वातावरण देशभक्ति में सराबोर हो गया। यह यात्रा चौपड़ बाजार, सराय बाजार, मेला का चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंची। पंडित भवानी सहाय चौक पर स्थित मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, संजय नरुका, वरिष्ठ नेता बन्नाराम मीना, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल सहित कई प्रमुख भाजपा नेता मौजूद रहे। यह यात्रा देशभक्ति और सेना के सम्मान का प्रतीक बनकर लोगों के दिलों में गूंजती रही।















