मुजफ्फरनगर में 50वें सामूहिक राष्ट्रगान का आयोजन, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा शनिवार सुबह जीआईसी मैदान स्थित शहीद स्मारक पर सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अमर शहीदों और फौजियों के समर्पण व बलिदान को समर्पित था। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं समेत समाज के सभी वर्गों के लोगों ने भाग लिया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रगान गाया गया और शहीदों को नमन कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने का संकल्प भी लिया गया।

राष्ट्रीय सामाजिक संस्था द्वारा बीते चार वर्षों से समाज में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से मासिक सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में शनिवार को शहीद स्मारक पर 50वां मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम के उपरांत मनीष चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सामूहिक राष्ट्रगान के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया है कि जाति और धर्म से पहले देश है। यह राष्ट्रगान अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और सैनिकों को समर्पित किया गया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्रवाद की भावना सर्वोपरि रखने और शिक्षा के माध्यम से देश के उत्थान व समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान जिया उल उलूम पब्लिक स्कूल, मदरसा इदारातुस सालिहात करीमनगर और एशिया पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति की भावना प्रकट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के मोरना ब्लॉक अध्यक्ष अंकित जावला, सहरावत खाप के प्रदेश अध्यक्ष संजीव सहरावत सहित अन्य अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज को राष्ट्र से जोड़ने और एकजुट करने का कार्य कर रहा है। इससे भारत की सर्वधर्म समभाव की भावना को भी बल मिलता है।

राष्ट्रीय प्रवक्ता फैजुर रहमान ने कहा कि राष्ट्रगान स्कूल और कॉलेजों के साथ-साथ मदरसों में भी होना चाहिए, ताकि समाज में एकता बनी रहे। पुलिस और प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में स्टेडियम पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई मांगेराम कर्दम अपने स्टाफ के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में जिया उल उलूम पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य नदीम खान, मदरसा इदारातुस सालिहात से डॉ. हम्माद हुसैनी, एशिया पब्लिक स्कूल से मोहम्मद गयूर, जब्बार, केपी चौधरी, फैजुर रहमान, भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के मोरना ब्लॉक अध्यक्ष अंकित जावला, सहरावत खाप के अध्यक्ष संजीव सहरावत, भारत वीर प्रधान, पंडित बृजेश दुबे, गगनदीप उपाध्याय, अशोक कुमार, अवध नारायण तिवारी, संजय तिवारी, कुलदीप मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, रवि मिश्रा, शुभम चौबे, हम्माद राणा, अरहम एडवोकेट, अचीवर अकैडमी से जयदेव पवार और वीरपाल मास्टर सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम स्थल पर पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। अंत में मनीष चौधरी ने राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन में शामिल हुए पुलिस प्रशासन, स्कूली बच्चों और गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts