मुजफ्फरनगर। नगर की गांधी कॉलोनी स्थित सभागार में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें विगत दिनों मुंबई में दिवंगत हुईं प्रीति गीता गौड़ को नगर के सामाजिक, साहित्यिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। सभा का वातावरण शोकाकुल रहा और उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।सभा का संचालन रामकुमार शर्मा रागी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रीति गीता गौड़ का असमय निधन न केवल उनके परिवार बल्कि कला, साहित्य और मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक संवेदनशील, सृजनशील और कर्मठ व्यक्तित्व की धनी थीं, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से अलग पहचान बनाई।ज्ञातव्य है कि प्रीति गीता गौड़ सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं कवि शैलेन्द्र गौड़ की धर्मपत्नी थीं। इसके साथ ही उन्होंने स्वयं अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर कला और मीडिया जगत में विशिष्ट स्थान अर्जित किया।
वे बहुमुखी प्रतिभा की धनी थीं और रेडियो, दूरदर्शन तथा फिल्म जगत में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने मुंबई दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो में रेडियो जॉकी के रूप में कार्य किया। उनकी आवाज़, प्रस्तुति शैली और विषयों की गहरी समझ के कारण श्रोताओं के बीच वे काफी लोकप्रिय रहीं। इसके अतिरिक्त वे फिल्म स्क्रिप्ट लेखन से भी जुड़ी रहीं और इस क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया।चर्चित फिल्म सरफरोश के स्क्रिप्ट राइटर उमा शंकर वत्स के साथ असिस्टेंट के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने फिल्म लेखन की बारीकियों को नजदीक से समझा और अपनी पहचान बनाई। कला, साहित्य और सिनेमा के प्रति उनका समर्पण उन्हें एक सशक्त रचनात्मक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करता है।प्रीति गीता गौड़ के निधन से मुंबई के कला एवं साहित्य जगत के साथ–साथ जनपद मुजफ्फरनगर के सामाजिक और बुद्धिजीवी वर्ग में गहरा शोक व्याप्त है। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, सकारात्मक सोच और सृजनात्मक ऊर्जा को याद करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।इस अवसर पर डा. प्रदीप जैन, डा. वीना गर्ग, अश्वनी खंडेलवाल, परमेंद्र सिंह, महेन्द्र कुमार, गुरिंदर सिंह, मधुर नागवान, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद डा. सुभाष चंद्र शर्मा, यश भटनागर, भूषण कुमार, बृजेश्वर सिंह त्यागी, अखिलेश स्वामी, बृजराज सिंह, तरुण गोयल, राकेश कौशिक, सत्यकाम, अजेय जनमेजय, समीर कुलश्रेष्ठ, अभिषेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और ईश्वर से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की गई।























































