मुजफ्फरनगर में यातायात हेल्प डेस्क का उद्घाटन,

मुजफ्फरनगर में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व जनहितैषी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर में स्थापित यातायात हेल्प डेस्क का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। इस हेल्प डेस्क की स्थापना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को ट्रैफिक से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को समय पर सहायता मिल सके।यातायात हेल्प डेस्क के माध्यम से कोई भी नागरिक ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना, मार्ग अवरोध, गलत पार्किंग, सिग्नल खराब होने या अन्य किसी भी यातायात संबंधी परेशानी की सूचना सीधे पुलिस को दे सकता है। सूचना मिलते ही संबंधित पुलिसकर्मी मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, जिससे समस्या का समाधान शीघ्र हो सके। हेल्प डेस्क पर 02 पुलिसकर्मी 24×7 तैनात रहेंगे, जो चौबीसों घंटे प्राप्त सूचनाओं पर निगरानी रखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाएंगे।

आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात हेल्प डेस्क के लिए संपर्क नंबर 1073 और 0131-2970191 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल कर नागरिक अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। पुलिस का मानना है कि इस पहल से न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सकेगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी और आपात स्थितियों में लोगों को तेजी से सहायता मिलेगी।उद्घाटन के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना, दुर्घटनाओं में कमी लाना और आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुजफ्फरनगर पुलिस जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है तथा भविष्य में भी यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नए कदम उठाए जाते रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी ट्रैफिक संबंधी समस्या या दुर्घटना की जानकारी तुरंत हेल्प डेस्क पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, ट्रैफिक उप निरीक्षक राकेश कुमार, ट्रैफिक उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts