मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद की 17 मार्केटों के करीब 509 दुकानदारों के तीन दशक पुराने शिकमी किरायेदारी, वारिसान और 15 साल से लंबित प्रकरणों के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपविधि तैयार की गई, जिसे बोर्ड मीटिंग में पारित कर शासन को भेज दिया गया है। इस पहल को लेकर व्यापारियों ने नगर विधायक एवं राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और वार्ड 49 के सभासद मनोज वर्मा का नागरिक अभिनंदन करते हुए उनका आभार प्रकट किया।सम्मान समारोह का आयोजन भगत सिंह रोड स्थित तुलसी पार्क में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल मित्तल द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व के कई पालिका अध्यक्षों के कार्यकाल में इस मुद्दे को सुलझाने के प्रयास किए गए, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। मौजूदा पालिका बोर्ड ने गंभीरता से इसे उठाया और जून 2025 की बोर्ड बैठक में कर विभाग द्वारा प्रस्तावित 50 प्रतिशत किराया वृद्धि को घटाकर 35 प्रतिशत किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्या को लेकर शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए और पालिका बोर्ड के सहयोग से इसका समाधान निकाला गया है। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने आश्वस्त किया कि शासन से स्वीकृति मिलते ही उपविधि को लागू किया जाएगा, जिससे पालिका को राजस्व प्राप्त होगा और दुकानदारों को राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।समारोह में कई व्यापारी नेता और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने पालिका बोर्ड के इस सकारात्मक निर्णय की सराहना करते हुए सामूहिक आभार व्यक्त किया।















