साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘Toxic : ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज के तुरंत बाद विवादों में घिर गई है। फिल्म पर महिलाओं को कथित तौर पर आपत्तिजनक और अत्यधिक कामुक अंदाज में पेश करने तथा पुरुषवादी सोच को बढ़ावा देने के आरोप लग रहे हैं।
पूर्व बीजेपी नेता और ‘वी द लीडर्स’ के संस्थापक के. अन्नामलाई ने फिल्म के कथित महिला-विरोधी चित्रण को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फिल्मों में हिंसा, अश्लीलता और महिलाओं के चित्रण को लेकर नियमों को और सख्त किए जाने की जरूरत है।
अन्नामलाई ने यह भी चिंता जताई कि ‘A’ सर्टिफिकेट वाली फिल्मों की सामग्री नाबालिगों तक कैसे पहुंच रही है। रिपोर्टों के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ को CBFC ने ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत समेत कई कलाकार नजर आ रहे हैं।
हालांकि, फिल्म की महिला पात्रों को लेकर उठे सवालों पर रिलीज से पहले यश ने फिल्म का बचाव करते हुए कहा था कि कहानी में महिलाओं की अपनी आवाज है और ट्रेलर से फिल्म की पूरी थीम को नहीं समझा जा सकता।























































