मुजफ्फरनगर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) दिवस के अवसर पर जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, मुजफ्फरनगर तथा खादी ग्रामोद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित लाभार्थियों को केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के बारे में बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि यह योजना युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करती है। कार्यक्रम के दौरान एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) टूलकिट योजना के चयनित आवेदकों को मुख्य अतिथियों के हाथों टूलकिट वितरित किए गए, जिससे वे अपने पारंपरिक व्यवसाय और कौशल को आधुनिक संसाधनों के साथ आगे बढ़ा सकें। मुख्य अतिथि सुनील दर्शन (जिला महामंत्री, भाजपा) और सुधीर (पूर्व जिला मंत्री, भाजपा) ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं, जिनका लाभ उठाकर युवा न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर समय पर आवेदन करने और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण संबंधी सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया। जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी सोमप्रकाश ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी योजनाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उद्योग विभाग से सलीम अहमद, ब्रज भूषण सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों को आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।























































