कई बार किचन में छोटी-सी गलती पूरे खाने का स्वाद बिगाड़ देती है. खासकर तब, जब सब्जी या करी में नमक और मिर्च ज्यादा पड़ जाए. एक चुटकी नमक जहां खाने का स्वाद बढ़ा देता है, वहीं इसकी ज्यादा मात्रा पूरी डिश को खराब कर सकती है. लेकिन अच्छी बात यह है कि ऐसी गलती को आसानी से सुधारा जा सकता है. अगर आपकी सब्जी भी ज्यादा नमकीन या तीखी हो गई है, तो कुछ आसान किचन ट्रिक्स से आप उसका स्वाद फिर से संतुलित कर सकते हैं. चलिए आपको इसके उपाय बताते हैं.
खट्टी चीजों का इस्तेमाल
होम टिप्स के बारे में जानकारी देने वाली बेवसाइट्स के अनुसार, सबसे आसान तरीका है खट्टे तत्वों का इस्तेमाल करना. टमाटर की प्यूरी, नींबू का रस या थोड़ा सा सिरका डालने से नमक और मिर्च का असर कम हो जाता है. खट्टापन डिश के स्वाद को बैलेंस करता है और एक नया फ्लेवर भी जोड़ देता है, जिससे खाने का स्वाद फिर से बेहतर लगने लगता है. अगर आपके पास समय है, तो सब्जी में और सामग्री जोड़ना भी एक अच्छा उपाय है. आलू, गाजर या अन्य स्टार्च वाली सब्जियां नमक को सोख लेती हैं और तीखापन भी कम करती हैं. इससे न सिर्फ स्वाद संतुलित होता है, बल्कि डिश की मात्रा भी बढ़ जाती है और टेक्सचर पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ता.
पानी भी हो सकता है हल
कई बार सिर्फ पानी मिलाने से भी समस्या हल हो सकती है. थोड़ी मात्रा में पानी डालकर सब्जी को दोबारा पकाने से नमक और मिर्च दोनों का असर हल्का हो जाता है. यह तरीका खासकर ग्रेवी वाली सब्जियों और सूप के लिए काफी कारगर होता है. अगर स्वाद बहुत ज्यादा बिगड़ गया हो और बाकी चीजें उपलब्ध न हों, तो थोड़ा सा चीनी मिलाना भी मदद कर सकता है. चीनी नमक के असर को कम करती है और तीखेपन को संतुलित करती है. हालांकि इसे ज्यादा मात्रा में न डालें, वरना स्वाद बदल सकता है.
क्रीम या दूध का इस्तेमाल
इसके अलावा क्रीम या दूध का इस्तेमाल भी एक स्मार्ट ट्रिक है. ये दोनों चीजें नमक और मिर्च के असर को कम करती हैं और डिश को हल्का व स्मूद स्वाद देती हैं. खासकर पनीर या ग्रेवी वाली सब्जियों में यह तरीका काफी अच्छा काम करता है. अगर सब्जी में गलती से ज्यादा नमक या मिर्च पड़ जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है. थोड़ी समझदारी और सही ट्रिक से आप खराब हुए स्वाद को फिर से संतुलित कर सकते हैं और अपनी डिश को बचा सकते हैं.















