मुजफ्फरनगर बुढ़ाना। कस्बे के विज्ञाना रोड स्थित MI क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर बुधवार को चैलेंजर ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट में राइजिंग स्टार बुढ़ाना और MI क्रिकेट एकेडमी के बीच खेले गए मुकाबले ने दर्शकों का दिल जीत लिया। सुबह से ही मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी और ग्राउंड चारों ओर से खचाखच भरा नजर आया। टॉस जीतकर राइजिंग स्टार बुढ़ाना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 152 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज सारिक ने 43 गेंदों पर 50 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी MI क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। कप्तान मोहम्मद हारिश ने मात्र 13 गेंदों पर 30 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। इसके बाद टीम के ओनर और कोच राहिल जावेद ने मात्र 18 गेंदों पर 43 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए मैच को MI की ओर मोड़ दिया। उन्होंने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विकेट झटके। MI क्रिकेट एकेडमी ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर मैच जीत लिया। मैच के बाद मैन ऑफ द मैच की घोषणा के समय खेल भावना का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला, जब राहिल जावेद ने अपना पुरस्कार आरिश के नाम कर दिया, जिससे मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए बुढ़ाना फूड मूड के ओनर बट्टर कुरैशी ने मोहम्मद हारिश और आरिश को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 250-250 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। टूर्नामेंट में गुरुवार को मैक्स क्लब बुढ़ाना और टारगेट क्लब के बीच बड़ा मुकाबला होगा, जिसका खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।















