अलवर: सरकारी स्कूल के जर्जर कमरे की छत गिरने से तीन छात्राएं घायल, दो जिला अस्पताल में भर्ती

राजस्थान के अलवर जिले के खैरथल तिजारा क्षेत्र के हरसौली गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के एक जर्जर कमरे की छत की पट्टी गिरने से कक्षा तीन और चार में पढ़ने वाली तीन छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना उस समय हुई जब लंच के दौरान छात्राएं खेलते हुए जर्जर कमरे में चली गईं। अचानक छत की पट्टी टूटकर गिर गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पारुल, सानिया और एक अन्य बालिका घायल हुईं। पारुल के सिर, आंख और हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सानिया के पैर में गंभीर चोट आई है। तीसरी छात्रा के होठ पर चोट आई है। स्कूल स्टाफ ने घायलों को तुरंत हरसौली अस्पताल पहुंचाया, जहां से पारुल और सानिया को अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीसरी छात्रा का इलाज खैरथल अस्पताल में चल रहा है। बच्चियों की चीख-पुकार से स्कूल में हड़कंप मच गया। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और जर्जर कमरे को पहले ही खतरनाक बताया था। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts