मुजफ्फरनगर के वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज नई मंडी में भारत स्काउट और गाइड के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का समापन शुक्रवार को हुआ। इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्र–छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया। समापन समारोह में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष और प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि योग साधना से मानसिक शक्ति प्राप्त होती है और इसे अपनाकर हम निरोगी जीवन जी सकते हैं। उन्होंने युवाओं को नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।यह शिविर 19 जून को जिलाधिकारी एवं स्काउट संस्था अध्यक्ष उमेश मिश्रा के नेतृत्व में आरंभ हुआ था। आयोजन को जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास का संरक्षण प्राप्त हुआ। शिविर के संचालन में डॉ. कंचन प्रभा शुक्ला, विजय कुमार शर्मा, रेणु गर्ग, अनिल कुमार कौशिक और सुनील शर्मा ने विशेष भूमिका निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्य और जिला गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।योग सत्र का संचालन पूर्व पीटीआई अशोक वर्मा ने किया, जिन्होंने छात्र–छात्राओं को प्राणायाम और विविध योग मुद्राओं का अभ्यास कराया। बाल कल्याण विभाग से डॉ. राजीव कुमार की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को योग के वैज्ञानिक लाभों से अवगत कराया। स्काउटिंग नियमों की जानकारी डीडीसी भारत भूषण अरोड़ा, प्रभा दहिया और कुमारी ज्योति ने दी और उन्होंने सामूहिक योगाभ्यास भी कराया।कार्यक्रम में शैली रंजन, अरविंद कुमार, संतोष कुमार वर्मा और योग शिक्षिका शगुन त्यागी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजेश कुमारी ने छात्राओं से प्रतिदिन योग करने का आह्वान किया और 21 जून को डीएवी इंटर कॉलेज में होने वाले सामूहिक योग दिवस में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।















