मुजफ्फरनगर में फर्जी कंपनी का 120 करोड़ रुपये का निवेश घोटाला, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी पुलिस ने एक बड़े निवेश धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने सेनेमी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड नामक फर्जी कंपनी के जरिए लोगों से निवेश का लालच देकर करीब 120 करोड़ रुपये की ठगी की थी। गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार गौतम, उनकी पत्नी वंदना के सहयोगी डॉ. शादाब और सरफराज शामिल हैं। आरोपियों ने निवेशकों को 16 महीनों में निवेश राशि को ढाई गुना करने का झांसा देकर एग्रीमेंट साइन कर विश्वास जीतने के साथ-साथ अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का वादा किया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धमात नहर पुल के पास आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक नेक्सॉन कार, फर्नीचर, ऑफिस का सामान और सेनेमी ब्रांड के ब्यूटी प्रोडक्ट्स जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 13 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी निवेशकों का भरोसा बनाए रखने के लिए कुछ राशि लौटाते थे, लेकिन देनदारी बढ़ने पर उन्होंने अपने ऑफिस, मार्ट और ज्वालापुर (हरिद्वार) स्थित वेयरहाउस बंद कर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की थी। टीम की निशानदेही पर आरोपियों के वेयरहाउस और सरफराज के घर से सामान बरामद किया गया और उसे सील कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार टीम में थानाध्यक्ष जयवीर सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार और अन्य कांस्टेबल शामिल थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आमजन को चेताया कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। यह कार्रवाई निवेशकों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है। पुलिस अभी मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts