अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर जानलेवा हमला किया गया।इस दौरान गोली पूर्व राष्ट्रापति ट्रंप के कान को छेदकर निकल गयी और एक शख्स की मौत हो गयी, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, ट्रंप पर हुए इस हमले की भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने कड़ी निंदा की है।अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने रविवार को लिखा, ‘मेरे मित्र और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से मैं बहुत चिंतित हूं। घटना की कड़ी निंदा करता हूं।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों और घायलों के परिवार वालों के साथ हैं।’ बता दें कि हमले के वक्त पेंसिल्वेनिया के बटलर में ट्रंप एक रैली को संबोधित कर रहे थे। फिलहाल उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है
Deeply concerned by the attack on my friend, former President Donald Trump. Strongly condemn the incident. Violence has no place in politics and democracies. Wish him speedy recovery.
Our thoughts and prayers are with the family of the deceased, those injured and the American…
— Narendra Modi (@narendramodi) July 14, 2024
स्थानीय मीडिया के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन (Republican National Convention) शुरू होने से पहले स्विंग-स्टेट पेंसिल्वेनिया में अपनी आखिरी रैली को संबोधित कर रहे थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रंप भाषण दे रहे हैं, तभी गोलियां चलने लगती हैं। डोनाल्ड ट्रंप अपने दाहिने हाथ से कान को ढकते हैं और डायस के पीछे झुक जाते हैं।
इस दौरान गोलियों की आवाज जैसी तेज आवाजें सुनाई देने के बाद सीक्रेट सर्विस (Secret Service) के एजेंटों के द्वारा ट्रंप को मंच से उतार दिया गया। सीक्रेट सर्विस (Secret Service) ने हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया। इस घटना में रैली में आए एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।















