एसआईआर गणना अभियान में तेज़ी नहीं, सपा नेता साजिद हसन ने खुद संभाली मोर्चा मोहल्लों में चलाया जागरूकता अभियान

मुजफ्फरनगर। निर्वाचन आयोग द्वारा 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलाए जा रहे एसआईआर गणना फार्म अभियान को लेकर शहर के कई क्षेत्रों में फार्म वितरण की धीमी रफ्तार से मतदाता परेशान दिख रहे हैं। ऐसी स्थिति में सपा नेता साजिद हसन ने स्वयं मैदान में उतरकर जसवंतपुरी, केवलपुरी, मल्हूपूरा और सरवट मोहल्ले में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से घोषित “घर-घर बीएलओ पहुंचकर फार्म वितरण” की व्यवस्था धरातल पर पूरी तरह विफल दिखाई दे रही है, जिसके कारण मतदाताओं में भारी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

साजिद हसन पिछले कई दिनों से लगातार अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर गणना फार्म को लेकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह क्षेत्र के प्रत्येक बीएलओ और सुपरवाइजर से संपर्क में हैं तथा अब तक कितने फार्म वितरित किए गए हैं और कहां कमी बनी हुई है, इसकी पूरी जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने अपने साथियों के साथ मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से यह भी पूछा कि उन्हें फार्म मिला है या नहीं। जहां फार्म उपलब्ध नहीं मिले, वहां लोगों को बताया गया कि फार्म मिलने के बाद उसे सही तरीके से कैसे भरना है और कौन-कौन सी जानकारियां अनिवार्य रूप से दर्ज की जानी चाहिए।उन्होंने बताया कि मतदाताओं में अभी भी 2003 की वोटर लिस्ट और वर्तमान वोटर लिस्ट के अंतर को लेकर भ्रम की स्थिति है। ऐसे में वह लोगों को दोनों सूचियों से नाम की जानकारी मिलान कर समझा रहे हैं, ताकि कोई भी मतदाता अनजाने में अपना नाम छूटने न दे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी टीम लगातार इस कोशिश में लगी हुई है कि हर व्यक्ति को सही जानकारी मिले और फार्म भरने में किसी प्रकार की समस्या न आए।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि अभियान शुरू हुए 16 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी भी कई क्षेत्रों में फार्म मतदाताओं तक पहुंच नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने दावा किया था कि बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाएंगे, लेकिन जमीनी स्थिति बिल्कुल उलट है। कई मोहल्लों में अभी भी लोगों को यह भी नहीं पता कि फार्म कब मिलेगा, कहां जमा होगा और इसकी अंतिम तिथि क्या है। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से मतदाताओं में न केवल असुविधा बढ़ रही है बल्कि भविष्य की मतदाता सूची की सटीकता पर भी सवाल उठ रहा है।साजिद हसन ने प्रशासन से मांग की है कि गणना फार्म वितरण में तेजी लाई जाए और बीएलओ को सख्त निर्देश दिए जाएं कि वे जल्द से जल्द प्रत्येक घर तक फार्म पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए यह बेहद जरूरी है कि हर मतदाता तक सही समय पर फार्म पहुंचे, ताकि वह बिना किसी देरी के इसे भरकर बीएलओ को दे सके। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि प्रशासन स्वयं भी इलाके में निरीक्षण करे, ताकि वास्तविक स्थिति का पता चल सके और समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts