बांदा। अतर्रा कस्बे में प्रस्तावित एसीजेएम न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। अज्ञात चोरों ने न्यायालय कक्ष का दरवाजा तोड़कर उसमें रखा सरकारी फर्नीचर चोरी कर लिया। घटना के दो दिन बाद भी FIR दर्ज न होने पर बार एसोसिएशन ने जनपद न्यायाधीश को पत्र लिखकर कड़ी नाराजगी जताई है।बार एसोसिएशन द्वारा जनपद न्यायाधीश को दिए गए पत्र के अनुसार, बार एसोसिएशन ने 17 जुलाई21 को प्रस्तावित एसीजेएम न्यायालय अतर्रा के संचालन हेतु न्यायालय भवन के साथ फर्नीचर और अन्य सामग्री जनपद न्यायाधीश को सुपुर्द की थी। इसमें 4 बड़ी मेज, 3 छोटी मेज, 19 कुर्सियाँ, 10 ट्यूब लाइट, 14 पंखे और 1 अलमारी शामिल थी।बार एसोसिएशन का आरोप है कि 4 अगस्त की रात्रि अज्ञात चोरों ने न्यायालय कक्ष का दरवाजा तोड़ दिया और उसमें रखी संपत्ति में से 1 बड़ी मेज, 2 स्टील कुर्सियाँ तथा पीठासीन अधिकारी हेतु 2 कुर्सियाँ चोरी कर ले गए।बार एसोसिएशन ने बताया कि घटना की सूचना 5 अगस्त को उपजिलाधिकारी को मौखिक रूप से दे दी गई थी। लेकिन आज तक न तो FIR दर्ज की गई और न ही कोई जांच हुई। न्यायालय परिसर की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही और न्यायिक संस्थान की गरिमा पर सीधा हमला है।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर सिंह राठौर और महासचिव लखन जी मिश्रा ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि उक्त घटना के संबंध में तत्काल FIR पंजीकृत कराकर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए और न्यायालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।























































