मुजफ्फरनगर। थाना खालापार पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन, एक काला पिट्ठू बैग, एक आधार कार्ड, पैन कार्ड की फोटो कॉपी, 700 रुपये नकद, एक बड़ा जैक, डिश/केबल का तार तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। यह कार्रवाई मेरठ जोन और सहारनपुर परिक्षेत्र के अधिकारियों के निर्देशन तथा एसएसपी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा और थाना प्रभारी खालापार बबलू सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ निवासी नरेन्द्र उर्फ छोटू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि हरिद्वार से कांवड़ लाते समय मीनाक्षी चौक स्थित एक जूस की दुकान पर रखा उसका बैग अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। बैग में मोबाइल फोन, पहचान पत्र और नकदी रखी हुई थी। वहीं खालापार निवासी निजाम ने घर से बड़े वाहन का जैक और डिश केबल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सूचना पर शामली बाईपास स्थित वहलना पुल के नीचे अंडरपास से बिलाल निवासी किदवईनगर और असगर निवासी मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
























































