डीडवाना जिले के ललासरी ग्राम के ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने अपनी फरियाद लगाई है। ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत लतासरी के राजस्व ग्राम नेतड़ो की ढाणी में मेघवालों की 40 से अधिक ढाणियां आती हैं, जिनमें नहरी पाइपलाइन तो गई हुई है, लेकिन पाइपलाइन से केवल ग्राम नेतड़ो के घरों को ही पानी मिल रहा है। इसके अलावा किसी भी ढाणी को पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। बार-बार ग्राम पंचायत से संपर्क करने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। शिकायत करने पर पानी की आपूर्ति रोक दी गई है। ज्ञापन में पानी की आपूर्ति के लिए अलग पाइपलाइन की व्यवस्था की मांग की गई है और ढाणियों का नाम बदलकर मेघवालों की ढाणी रखा जाने की भी अपील की गई है। ज्ञापन देने वालों में प्रेमाराम, लीलाधर, गणेश बड़बड़, गोपाल राम सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।















