मुज़फ्फरनगर।कांवड़ यात्रा जैसे विशाल, संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण आयोजन के दौरान उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंध, सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में निभाई गई भूमिका के लिए वैश्य सभा द्वारा मुज़फ्फरनगर पुलिस का सम्मान किया गया। इस अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें पुलिस बल की वीरता, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य कौशल विकास मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हाल ही में मुज़फ्फरनगर पुलिस द्वारा कांवड़ियों के वेश में घुसपैठ की कोशिश कर रहे तीन संदिग्ध युवकों की समय रहते गिरफ्तारी कर एक संभावित बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने जनपद को किसी भी तरह की अशांति से बचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पुलिस बल की कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने केवल कानून व्यवस्था बनाए नहीं रखी, बल्कि जनमानस में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत किया। यह सम्मान उन सभी पुलिसकर्मियों को समर्पित है, जिन्होंने दिन-रात जनसेवा में स्वयं को समर्पित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति और स्पष्ट कार्यशैली के चलते उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था के मामले में पूरे देश के लिए मिसाल बन चुका है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी भोपा रवि शंकर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी शहर राजू कुमार साव, थानाध्यक्ष ककरौली जोगेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, साइबर थाना प्रभारी गौरव, एसओजी प्रभारी मोहित चौधरी, अजय गौड़, उप निरीक्षक शिवचरण, दिनेश कुमार, अंकित, ब्रह्मदेव, मोहित, सुधीर समेत कई अधिकारियों और पुलिस जवानों को सम्मान पत्र, प्रतीक चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में वैश्य सभा अध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल, कोषाध्यक्ष जनार्दन विश्वकर्मा, शलभ गुप्ता, राकेश त्यागी, विशाल गर्ग, मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल, नंदकिशोर पाल, प्रवीण खेड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश पराशर, कपिल त्यागी, सुनील तायल, अजय सागर, मोहन तायल सहित कई समाजसेवी और प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम समाज और प्रशासन के बीच आपसी विश्वास और सहयोग की मिसाल बना।

















