बिहार चुनाव में बढ़ रही आधी आबादी की ताकत, नवादा की पांच सीटों में 13 महिला प्रत्याशी

नवादा। नवादा जिला के चुनावों में आधी आबादी दमदार भूमिका निभाती रही हैं। हाल के दशक में विधानसभा चुनाव हो या फिर लोकसभा चुनाव। महिलाएं घर-आंगन से निकल मतदान केन्द्रों पर पहुंची और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अचरज की बात यह है कि जिले के सर्वाधिक पिछड़े इलाकों में शुमार रजौली व गोविन्दपुर की महिलाएं अधिक जागरूक हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव औऱ 2024 के लोकसभा चुनाव में यहां की महिलाओं ने पुरूषों से दो कदम आगे बढ़कर मतदान किया। इन क्षेत्रों में पुरूषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत एक से तीन फीसदी तक अधिक रहा।

प्रत्याशियों की जीत-हार में आधी आबादी की बड़ी भूमिका रही है। बावजूद राजनीतिक पार्टियां इन्हें नेतृत्व का कम ही अवसर प्रदान करती रही है। 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव नवादा जिला का पहला आम निर्वाचन है, जिसमें कुल प्रत्याशियों के 23.63 फीसदी हिस्सा महिलाओं के खाते में गया है।

पांच विधानसभा क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे कुल 55 प्रत्याशियों में 13 महिलाएं हैं। नवादा विधानसभा में सर्वाधिक चार, गोविन्दपुर में तीन और रजौली, हिसुआ व वारिसलीगंज से प्रत्येक विधानसभा में दो-दो महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

महिलाओं को टिकट देने में महागठबंधन राजग से आगे

नवादा जिला के पांच विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन ने चार महिला प्रत्याशी उतारे हैं। हिसुआ में कांग्रेस और रजौली, गोविन्दपुर व वारिसलीगंज सीट पर राजद की महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने तीन सीटों पर महिला प्रत्याशी को टिकट दिया है। नवादा में जदयू, गोविन्दपुर में लोजपा(रा) और वारिसलीगंज में भाजपा की महिला उम्मीदवार चुनावी रणक्षेत्र में उतारी गई हैं।

जनसुराज ने गोविन्दपुर सीट पर एक महिला प्रत्याशी को टिकट दिया है। जबकि एआईएमआईएम ने नवादा सीट से पहली महिला अल्पसंख्यक अभ्यर्थी को उम्मीदवार बनाया है। इनके साथ ही चार अन्य महिला प्रत्याशी स्वतंत्र रूप से चुनाव में दावेदारी प्रस्तुत कर रही हैं।

जिले से सात महिलाओं ने अबतक पार की विधानसभा की दहलीज

आजादी के बाद से नवादा में हुए विधानसभा चुनावों में 18 बार महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज किया। इनमें गायत्री देवी ने पांच, पूर्णिमा यादव ने चार, अरूणा देवी ने चार और राजकुमारी देवी ने दो बार चुनाव जीता, जबकि शांति देवी, नीतू कुमारी और विभा देवी ने एक-एक बार चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा की दहलीज को पार किया है।

फिलहाल, बिहार में 18वीं विधानसभा गठन को आम निर्वाचन आयोजित हो रहा है। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 11 नवम्बर को मतदान होगा। ऐसे में आधी आबादी से पुरजोर तरीके से मतदान की उम्मीदें लगाई गई है।

अब 14 नवंबर को परिणामों की घोषणा से स्पष्ट होगा कि आधी आबादी ने किन्हें प्रतिनिधित्व का अवसर प्रदान किया है। फिलहाल, जिला प्रशासन को मतदान दिवस पर आधी आबादी से बड़ी उम्मीदें है।

नवादा जिला में 2015 से विधानसभा निर्वाचन में महिला प्रत्याशियों की स्थिति

वर्ष कुल प्रत्याशी महिला प्रत्याशी प्रतिशत (%)
2010 68 10 14.70
2015 49 04 8.16
2020 70 08 11.42
2025 55 13 23.63
लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts