मुजफ्फरनगर जिले के दिल्ली–देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर स्थित बिलासपुर कट एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे में धंधेड़ा गांव निवासी 55 वर्षीय मैनुद्दीन की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रूखसाना गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।लगातार हो रहे हादसों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बिलासपुर कट को तत्काल प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए। अब शहर में प्रवेश के लिए भोपा बायपास पुल या जानसठ बायपास पुल के नीचे से मार्ग अपनाना होगा।डीएम के आदेश पर सुरक्षा समिति के अधिकारियों सहित PWD के एक्शन अनिल राणा, जेई डीके तोमर, ARTO और ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने मौके का मुआयना किया।हादसे के बाद से सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों की मांग है कि बिलासपुर कट पर फ्लाईओवर बनाया जाए, क्योंकि यह क्षेत्र लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुलिस चेकिंग के डर से बाइक सवार तेजी से भागने की कोशिश करते हैं, जिससे टक्कर जैसी घटनाएं हो रही हैं। पहले भी यहां डंपर पलटने और ट्रक हादसों में कई लोग जान गंवा चुके हैं।सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए गए तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। यह घटनाक्रम प्रशासन और यातायात विभाग के लिए चेतावनी है कि अब और देर नहीं की जा सकती।















