बुढ़ाना में गूंजा कश्यप समाज का हुंकार, डॉ. सोनू कश्यप के नाम पर बनी सहमति

बुढ़ाना। कस्बे के एक बैंक्वेट हाल में विकासशील इंसान पार्टी का पहला भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने पूरे हाल को जयकारों से गूंजा दिया।
कार्यक्रम में पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भीड़ और जोश देखकर साहनी गदगद नजर आए। सम्मेलन का आयोजन कश्यप समाज की खाप के चौधरी डॉ. सोनू कश्यप के नेतृत्व में किया गया था। मंच से वक्ताओं ने एकमत से ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बुढ़ाना सीट से डॉ. सोनू कश्यप को वीआईपी का प्रत्याशी बनाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ इस घोषणा का स्वागत किया। मुकेश साहनी के पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन मास्टर चुन्नू कश्यप और प्रमोद कश्यप ने किया। मंच से वक्ताओं ने कड़े शब्दों में कहा कि जो लोग कश्यप समाज के नाम पर अलग-अलग संगठन बनाकर अपना स्वार्थ साध रहे हैं, वे तुरंत पार्टी से जुड़ जाएं। अन्यथा समाज उनका बहिष्कार करेगा।
“आप ऐसे लोगों को नेता बना रहे हैं जो आपका शोषण करते हैं। चुनाव आते ही हम उनकी चापलूसी में लग जाते हैं। अब वक्त आ गया है कि अपने समाज के बेटे डॉ. सोनू कश्यप को विधानसभा भेजा जाए। भाजपा सिर्फ हमें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल कर रही है” वक्ताओं ने कहा। करीब पौने 3 बजे शुरू हुए संबोधन में मुकेश साहनी ने कहा “मैं न वोट मांगने आया हूं, न चंदा। मैं आपको अपने पैरों पर खड़ा करने का संकल्प लेकर आया हूं”।
उन्होंने अपना जीवन संघर्ष सुनाते हुए बताया मैं बिहार के दरभंगा का रहने वाला हूं। दादा-पिता मछली बेचते थे। 18 साल की उम्र में 30 रुपये की मजदूरी करने निकला था। आज मुंबई में अपना नाम बनाया है। साहनी ने आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा निषाद, कश्यप, मल्लाह समाज को बंगाल और दिल्ली में आरक्षण है, लेकिन यूपी-बिहार में क्यों नहीं? हमारा समाज इलाज और गरीबी से जूझ रहा है। अगर अब नहीं लड़े तो आने वाली पीढ़ी क्या करेगी? भाजपा ने हमसे हमारा मंत्री पद छीन लिया। जो हमें गुलाम बनाकर रखना चाहते हैं वो हमें आगे नहीं बढ़ने देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शपथ भी दिलाई कि जब तक कश्यप समाज को आरक्षण नहीं मिलेगा, तब तक हम भाजपा को वोट नहीं देंगे। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप की जय-जयकार से हुई। इस अवसर पर चौधरी यशपाल सिंह, लाल बहादुर, महेंद्र, सचिन, मोनू, दीपक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कुल मिलाकर डॉ. सोनू कश्यप द्वारा आयोजित यह सम्मेलन वीआईपी के लिए बुढ़ाना में शक्ति प्रदर्शन साबित हुआ।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts