डीडवाना में भव्य रामनवमी महोत्सव, द ग्रेट खली होंगे शामिल

डीडवाना जिला मुख्यालय पर 6 अप्रैल को भगवान राम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए रामनवमी महोत्सव समिति का गठन किया गया है, जो आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे रही है। समिति के तत्वावधान में व्यापारी वर्ग, समाज के विभिन्न वर्गों, मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों से जनसंपर्क किया जा रहा है, ताकि इस भव्य महोत्सव में अधिक से अधिक लोग शामिल हो सकें।

रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की गई। जिला संघ चालक समिति संरक्षक रामावतार सर्राफ और संयोजक एडवोकेट अजीतसिंह राठौड़ ने बताया कि इस बार भी महोत्सव को भव्य रूप दिया जाएगा। आयोजन के दौरान विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय पहलवान द ग्रेट खली भी इस महोत्सव में सम्मिलित होंगे।

राम भक्तों को महोत्सव में साधु-संतों का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा। शोभायात्रा पंडित बच्छराज व्यास आदर्श विद्या मंदिर से विधिवत आरंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शीतल कुंड बालाजी मंदिर में संपन्न होगी, जहां भगवान राम की आरती कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

आयोजन के तहत विभिन्न आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें देवी-देवताओं की झांकियां, भारत के प्रमुख स्थलों के दर्शन, नासिक का ढोल, पंजाब का भांगड़ा और ऐतिहासिक माली समाज की गैर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विशाल भगवा ध्वज के साथ हजारों राम भक्त शोभायात्रा में शामिल होंगे।

डीडवाना आभा नगरी को राम भक्तों द्वारा भगवा पताकाओं और ध्वजों से सजाया गया है। शहर में ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों सनातनी श्रद्धालु उमड़ेंगे।

प्रेस वार्ता में जिला संघ चालक संरक्षक रामावतार सर्राफ, डॉ. सोहन चौधरी, मदनजी हलवाई, संयोजक एडवोकेट अजीतसिंह राठौड़, सहसंयोजक भुवनेश शर्मा, पंकज तुनवाल, मनरूप पलसानिया, गुमानाराम मेघवाल, कोष प्रमुख नंदकिशोर कागलीवाल, मीडिया प्रभारी अमरीश माथुर, हरीश सोनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts