राजगढ़ में हिंडोले झूलन महोत्सव का भव्य समापन, हरियाली झांकी में सजे भगवान श्री जगन्नाथ

राजगढ़ (अलवर)। जन-जन की आस्था के केंद्र राजगढ़ कस्बे के चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर सहित अन्य मंदिरों में चल रहे हिंडोले झूलन महोत्सव का आज रक्षाबंधन के दिन भव्य समापन हुआ। पांच दिनों तक श्रद्धा और भक्ति के रंगों में डूबे इस आयोजन के अंतिम दिन भगवान को विभिन्न श्रृंगारिक झांकियों में सजाया गया। शनिवार को विशेष रूप से चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ जी महाराज को आकर्षक हरियाली झांकी के रूप में सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

मंदिर के महंत पूर्ण दास, पंडित मदन मोहन शास्त्री और पंडित रोहित शर्मा ने बताया कि यह पांच दिवसीय महोत्सव हर वर्ष एकादशी तिथि से प्रारंभ होकर पूर्णिमा तिथि तक चलता है। इस दौरान प्रतिदिन भगवान के अलग-अलग श्रृंगार किए जाते हैं, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होते हैं। अंतिम दिन रात्रि में महोत्सव का समापन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष और बच्चे मंदिर पहुंचे और भगवान की नयनाभिराम झांकियों के दर्शन किए।

पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण रहा। “जय जगदीश हरे” और “जय राधे कृष्णा” के भजन-कीर्तन से वातावरण गुंजायमान हो उठा। घंटे-घड़ियालों की मधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालु भगवान के हिंडोले झूलन के दर्शन कर आनंदित होते रहे। महोत्सव के दौरान मंदिर में हरियाली, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सुंदरता में चार चांद लग गए।

श्रद्धालुओं ने इसे आस्था, प्रेम और भक्ति का अद्वितीय संगम बताते हुए कहा कि हिंडोले झूलन महोत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है बल्कि यह समाज में भाईचारे और एकजुटता का संदेश भी देता है। रक्षाबंधन जैसे पावन अवसर पर इस महोत्सव का समापन होना लोगों के लिए और भी विशेष रहा। देर रात तक भक्तों की भीड़ लगी रही और हर कोई भगवान के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-समृद्धि और शांति की कामना करता नजर आया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts