गोगा महाड़ी में उमड़ेगी श्रद्धा और विकास की गंगा, 4 अगस्त को आएंगे मुख्यमंत्री योगी मानसरोवर सरोवर का करेंगे लोकार्पण, तैयारियों में जुटा प्रशासन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 4 अगस्त को सहारनपुर के गंगोह रोड स्थित प्राचीन धार्मिक स्थल गोगा महाड़ी का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री यहां गुरु गोरखनाथ व जाहवीर गोगा महाराज की विधिविधान से पूजा-अर्चना करेंगे और करोड़ों की लागत से निर्मित मानसरोवर सरोवर का लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नगर निगमPWD और पुलिस विभाग की टीमें संयुक्त रूप से युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। गोगा महाड़ी के कच्चे रास्तों को पक्की सड़क में बदला जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल हर कोने पर नजर रखे हुए है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।

धार्मिक स्थल के सेवादार अनिल कुमार सैनी ने कहा कि गोगा महाड़ी एक प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्थल है जिसकी मान्यता पूरे देश में है। “राजस्थान और सहारनपुर, दोनों स्थानों पर श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए गोगा महाराज की शरण में आते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से इसकी मान्यता को नया आयाम मिलेगा।”

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक भी करेंगे और श्रद्धालुओं को संबोधित करने की संभावना है। उनके सहारनपुर में रात्रि विश्राम की भी संभावना जताई जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts