झांसी जिले की गरौठा तहसील के अंतर्गत ग्राम सिया थाना ककरवाई में दो समुदायों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम प्रधान से मिली जानकारी के अनुसार, घटना तब हुई जब राघवेंद्र, पुत्र कल्लू, गौशाला से काम करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम के दबंग व्यक्ति नासिर खान और उनके पुत्र ने गली में गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। राघवेंद्र के विरोध करने पर नासिर खान और उनके साथियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से उन पर हमला कर दिया। कुछ समय बाद, नासिर, उनका पुत्र और भांजा राघवेंद्र के घर की ओर गाली-गलौज करते हुए पहुंचे। परिवार ने डर के मारे दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन आरोपियों ने दरवाजे पर लाठी-डंडों से हमला किया और गाली-गलौज जारी रखा।
जब राघवेंद्र के पिता ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। यह देख परिवार के अन्य सदस्य बचाव के लिए दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार इस घटना से डरा हुआ है और न्याय की मांग कर रहा है। मामले को लेकर ग्रामवासी भी चिंतित हैं और प्रशासन से उचित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।















