अलवर जिले में प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद जलभराव क्षेत्रों और कुंडों में नहाने के दौरान हो रहे हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिला कलेक्टर आर्तिक शुक्ला ने हाल ही में ऐसे स्थानों पर सावधानी बरतने और नहाने से परहेज करने की अपील की थी, साथ ही संबंधित विभागों को सख्ती से दिशा-निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद मंगलवार को अलवर के नलदेश्वर धाम स्थित कुंड में गिरने से देव शर्मा नामक युवक की मौत हो गई। देव शर्मा, स्कीम नंबर दो निवासी था और अपने दोस्त विपिन के साथ वहां घूमने गया था। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुंड से बाहर निकाला। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह सवाल उठाती हैं कि क्या प्रशासनिक अपीलों और निर्देशों का पालन वास्तव में हो रहा है या नहीं।















