मुजफ्फरनगर, भैंसी गांव में सार्वजनिक श्मशान घाट पर वाल्मीकि समाज के शवों का अंतिम संस्कार किए जाने पर सहमति बन गई है। गांव में वाल्मीकि समाज के पास श्मशान घाट की भूमि न होने के कारण वर्षों से विवाद चल रहा था। बुधवार को एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने ग्राम प्रधान अमित अहलावत और वाल्मीकि समाज के लोगों को बुलाकर वार्ता की। उनकी सूझ-बूझ से दोनों पक्षों ने सार्वजनिक श्मशान घाट का उपयोग करने पर सहमति जताई।
इससे पहले, करीब 60 वर्षों से वाल्मीकि समाज के लोग खुले में शवों का अंतिम संस्कार करने को मजबूर थे। बरसात में जलभराव और भूमि विवाद के कारण यह समस्या और गंभीर हो गई थी। बैठक में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, रालोद जिला उपाध्यक्ष हरपाल सिंह समेत कई स्थानीय नेता और ग्रामीण मौजूद थे।एसडीएम की कार्यशैली की सभी ने प्रशंसा की।















