मुजफ्फरनगर जनपद के तहसील खतौली अंतर्गत ग्राम सढ़ेडी में ‘तहसील आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के मार्ग निर्देशन में और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर किसानों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी खतौली संजय सिंह, तहसीलदार सतीश चंद्र बघेल सहित विभिन्न विभागों – जैसे स्वास्थ्य, आपूर्ति, शिक्षा, पशुपालन, कृषि, वन, पुलिस, बाल विकास, ग्रामीण विकास व समाज कल्याण के अधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और अधिकतर शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड, राजस्व विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत स्वीकृति पत्र तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से पात्र गृहस्थियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। मंडी समिति खतौली द्वारा खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा महिलाओं की गोद भराई और बच्चों को अन्न प्राशन कराया गया।पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए गए, जिनका अवलोकन कर अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम का सफल संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया। ग्रामीणों ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता की मांग की।















