राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय थाना राजाजी में भारत विकास परिषद के तत्वावधान में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती पूजन और स्वामी विवेकानंद, भारत माता तथा सुभाष चंद्र बोस के छाया चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के श्रेष्ठ चयनित 18 अध्यापक और अध्यापिकाओं तथा 12 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, पैन और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पुष्प अर्पित कर वंदन किया और गुरुजनों ने भी पैन भेंट कर विद्यार्थियों का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में परिषद की शाखा अध्यक्षा पदमा गोयल ने विद्यार्थियों को संस्कारवान और गुणवान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है बल्कि यह जीवन में अच्छे संस्कार स्थापित करने का माध्यम भी है। परिषद के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों को परिषद के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए कहा कि भारत विकास परिषद राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्कार प्रकल्प प्रभारी दिनेश सैन ने अपने संबोधन में बताया कि संस्कारों का राष्ट्र के समग्र विकास में बड़ा महत्व है और हर व्यक्ति को तन, मन और धन से राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने गुरुजनों, माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करें।
कार्यक्रम में संस्था की सचिव रश्मि विजय, लोकेश रावत, दीपक विजय, दिनेश कुमार सैनी, शारीरिक शिक्षक मनोज कुमार गौतम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अध्यापक रघुनंदन शर्मा ने विद्यार्थियों को अपने जीवन में संस्कारवान और गुणवान बनने का संदेश देते हुए डिजिटल दुनिया की लत से दूर रहने और मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार सेन ने किया। अंत में संस्था प्रधान ने भारत विकास परिषद के सभी सदस्यों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।















