मुजफ्फरनगर जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील तेवतिया के निर्देशों के क्रम में खतौली तहसील में उपजिलाधिकारी संजय सिंह की अध्यक्षता में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक चिकित्सा अधीक्षक डॉ अवनीश कुमार सिंह द्वारा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य आगामी जुलाई माह में एक जुलाई से इकत्तीस जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की रूपरेखा तैयार करना और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना था।यह वर्ष 2025 के अभियान का दूसरा चरण है, जिसमें विशेष रूप से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक के दौरान प्रतिभागी विभागों को संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें संवेदीकृत भी किया गया। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा और जारी गाइडलाइंस के अनुसार सभी विभाग मिलकर अभियान को सफल बनाएं।इस बैठक में टास्क फोर्स का गठन किया गया जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल किए गए। शिक्षा विभाग से खंड शिक्षा अधिकारी पंकज अग्रवाल, एडीओ पंचायत कार्यालय से सचिन, बीडीओ कार्यालय से सुनील, बाल विकास परियोजना विभाग से संतोष, स्वास्थ्य विभाग से बीपीएम जावेद तथा डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि एफएम अमित कुमार ने प्रतिभाग किया।बैठक में यह निर्णय लिया गया कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में सघन निगरानी और सफाई अभियान चलाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर–घर जाकर जागरूकता फैलाने, लार्वा नष्ट करने, जलभराव रोकने और फॉगिंग कराने जैसी गतिविधियों पर विशेष बल दिया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता और रोगों से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी।सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और अभियान के प्रत्येक पहलू पर सतत निगरानी बनी रहे। बैठक में सामूहिक प्रयासों से रोगों पर नियंत्रण की रणनीति पर सहमति बनी।















