हर घर तिरंगा अभियान-2025 के तहत देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन, 4.6 करोड़ तिरंगे फहराने का लक्ष्य

मुजफ्फरनगर के बुढाना तहसील स्थित स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज, काकड़ा में “हर घर तिरंगा अभियान-2025” के तहत एक भव्य देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में इस कार्यक्रम का संचालन किया गया, जिसमें डॉ. राजीव कुमार द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने और हर घर तिरंगा फहराने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मंजुला, प्रवक्ता मीनाक्षी, अंजली, रवीना, काजल और छात्रा सानिया की अहम भूमिका रही।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस वर्ष 4.6 करोड़ तिरंगे फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इस महाअभियान को तीन चरणों में संचालित किया जाएगा। पहला चरण 2 से 8 अगस्त तक जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित होगा, दूसरा चरण 9 से 12 अगस्त तक जनआंदोलन और उत्सव आधारित रहेगा, जबकि तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम और प्रमुख स्थलों पर तिरंगा लाइट से सजावट की जाएगी।

हर घर तिरंगा अभियान न केवल शहरी क्षेत्रों में बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी पूरी भागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने हेतु साइकिल और बाइक रैलियों, युवा परेड, तिरंगा यात्राओं, प्रतियोगिताओं व रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। स्कूली बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से जोड़ा जाएगा, ताकि उनमें देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूती मिल सके।

मुख्य सचिव के निर्देशानुसार नागरिकों को ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल के तहत लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीरें ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं।

8 व 9 अगस्त को सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों व पुलिसकर्मियों को तिरंगा राखी बांधने के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। डाक विभाग के सहयोग से सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक तिरंगा राखियां भेजी जाएंगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि तिरंगा झंडा झंडा संहिता के अनुरूप पूरी गरिमा के साथ फहराया जाए और उसका दुरुपयोग न हो।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts