स्वामी ओमानंद महाराज ने किया विद्यालय विकास कार्यों का निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर के ब्लॉक बघरा स्थित प्रसिद्ध स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज में सोमवार को भागवत पीठ शुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद जी महाराज ने विद्यालय परिसर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने विद्यालय में नव निर्मित अध्ययन कक्षों और विभिन्न शैक्षिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के स्तर और छात्राओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन द्वारा वार्षिक परीक्षा परिणाम लगभग सत्तर प्रतिशत रहने की जानकारी दी गई, जिस पर महाराज ने सभी छात्राओं, अध्यापिकाओं और स्टाफ को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। महाराज ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है तथा बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में ब्लॉक बघरा की एक महत्वपूर्ण संस्था बन चुका है, जहां से प्रतिवर्ष सैकड़ों छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और शहर का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए छात्राओं से अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाराज द्वारा छात्राओं और उपस्थित लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक देवराज पवार तथा शिक्षिकाओं और स्टाफ द्वारा तैयार की गई जीव विज्ञान प्रयोगशाला एवं अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की भी उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रयोगशालाएं छात्राओं के ज्ञान और व्यावहारिक शिक्षा को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। इसके बाद महाराज स्वामी कल्याण इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार वर्मा के सेवा निवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह में उन्होंने भाग लिया। इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाध्यापक को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts