राजापुर (चित्रकूट)। मण्डलायुक्त अजीत कुमार ने जनपद चित्रकूट के राजापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब पाई गई। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड की सफाई व्यवस्था असंतोषजनक रही। गंदे बेडशीट्स और बेड के नीचे जमा गंदगी ने अव्यवस्थाओं की पोल खोल दी। पेयजल हेतु लगाया गया वाटर कूलर बंद मिला, वहीं आरओ सिस्टम भी निष्क्रिय पाया गया।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए मण्डलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि चिकित्सकों की समय से उपस्थिति, ब्लड बैंक की व्यवस्था, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, गर्मी से बचाव के लिए पंखे-कूलर, स्वच्छ पेयजल, उपकरणों का रख-रखाव, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, तथा मरीज रजिस्टर में मोबाइल नंबर की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए।
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सात दिवस के भीतर दुरुस्त कर अनुपालन आख्या उनके कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनहित में शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया।















