बुढ़ाना में बुधवार को पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा और कस्बा इंचार्ज संदीप सिंह ने ईदगाह कमेटी के पदाधिकारियों के साथ शाही ईदगाह का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ईदगाह के रास्तों, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ईद की नमाज के समय आदि की जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर पूर्व की भांति नमाज नहीं होगी, बल्कि केवल ईदगाह परिसर में ही नमाज अदा की जाएगी। ईदगाह कमेटी के प्रबंधक तौसीफ राही ने अधिकारियों को कमेटी द्वारा की गई व्यवस्थाओं को बारीकी से दिखाया और बताया कि तीनों रास्तों से लोगों का आवागमन रहेगा। कमेटी की ओर से लगभग 100 वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे, जो व्यवस्था बनाए रखने में विशेष भूमिका निभाएंगे।
चेयरमैन प्रतिनिधि सुबोध त्यागी ने सफाई आदि के संबंध में विस्तार से चर्चा की। जमीयत उलमा-ए-हिंद के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष और जिला मीडिया प्रभारी मौ. आसिफ कुरैशी ने अपील की कि सभी लोग समय से पूर्व ईदगाह पहुंचें। निरीक्षण के दौरान शब्बू उस्मानी, इरशाद सलमानी, नसीम मेंबर, शाहिद कुरैशी, हाफिज मुजम्मिल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।















