मुज़फ्फरनगर में नवंबर 2025 को मनाए गए यातायात माह का विधिवत समापन रिज़र्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने विभिन्न स्कूलों से आए छात्र–छात्राओं, प्रतिष्ठित नागरिकों और आरटीसी आरक्षियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात माह का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनमानस में जागरूकता बढ़ाना, सड़क हादसों में कमी लाना और यातायात नियमों की महत्ता को स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत कमी का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, उसकी दिशा में मुज़फ्फरनगर उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है और लक्ष्य के काफी निकट पहुंच चुका है।कार्यक्रम में बताया गया कि यातायात नियमों का पालन न सिर्फ स्वयं की जान, बल्कि दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन की रक्षा करना है, जो विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है। पूरे माह के दौरान मुज़फ्फरनगर पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न गतिविधियाँ संचालित कीं, जिनमें नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्में, चौपालों और स्कूल–कॉलेजों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम शामिल रहे। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जानकारी प्रदान की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी चालान और वाहन सीज की कार्रवाई करते हुए अनुशासन को भी सुनिश्चित किया गया।कार्यक्रम के दौरान लोगों को गुड समेरिटन नीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई और उनसे अपील की गई कि दुर्घटना के समय पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। एक लघु फिल्म के माध्यम से यह बताया गया कि हल्की–सी लापरवाही कैसे बड़े हादसे का कारण बन जाती है। हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के खतरों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया।यातायात व्यवस्था में सुधार और जागरूकता फैलाने में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी को सेफ्टी प्लेज दिलवाया गया कि वे नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। जनपद में दुर्घटनाएँ रोकने के लिए पुलिस द्वारा अनेक प्रभावी कदम उठाए गए हैं। ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन पर सुधारात्मक कार्यवाही की गई है, जिससे दुर्घटनाओं में नियंत्रित बढ़त मिली है। कोहरे के मौसम को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर, टेप और लाइट लगाने का विशेष अभियान भी चलाया गया है।कार्यक्रम के अंत में संजय कुमार वर्मा ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके साथ ही यातायात माह 2025 का समापन उत्साहपूर्वक और सफलतापूर्वक किया गया।
















